रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी-दिल्ली रेल मार्ग पर एक खौफनाक हादसा सामने आया है जिसमें एक अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई। घटना गांव कुंभावास स्टेशन और शिव मंदिर के बीच हुई जहां दिल्ली से रेवाड़ी आ रही पैसेंजर ट्रेन नंबर 54085 की चपेट में आने से युवक के चिथड़े उड़ गए। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की नहीं हो पाई पहचान
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है क्योंकि तलाशी के दौरान उसके पास से कोई भी दस्तावेज या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है। मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। शिनाख्त के लिए पुलिस ने बताया कि युवक ने गले में सफेद टी-शर्ट, स्काई ब्लू जींस और पैरों में काली हवाई चप्पल पहनी हुई है। उसके हाथ में लोहे का कड़ा है और चेहरे पर दाढ़ी व सिर पर हल्के बाल हैं।
सभी थानों और ग्रामीण इलाकों के भेजी गई सूचना
जीआरपी थाना के जांच अधिकारी एसआई सतपाल ने बताया कि शव को फिलहाल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। शिनाख्त के लिए आसपास के सभी थानों और ग्रामीण इलाकों के सरपंचों को सूचना भेज दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है कि यह महज एक हादसा है या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश। शिनाख्त होने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा और मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

