फाजिल्का/अबोहर। अबोहर के मलोट रोड स्थित ट्रक यूनियन के पास एक होटल में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक युवती की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. युवती का शव होटल के कमरे में अर्धनग्न अवस्था में खून से लथपथ मिला, जिसकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी. घटना के बाद से युवती के साथ आया उसका प्रेमी फरार है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

खाने का बहाना बनाकर निकला आरोपी
होटल स्टाफ के अनुसार, युवती मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक युवक के साथ होटल पहुंची थी. कमरे में जाने के करीब आधे घंटे बाद, शाम 5:30 बजे युवक यह कहकर बाहर निकला कि वह ‘जोमैटो’ से खाना ऑर्डर करने जा रहा है. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा.
मास्टर की से खुला दरवाजा तो उड़े होश
शाम करीब 7 बजे तक जब कमरे में कोई हलचल नहीं हुई और युवक भी वापस नहीं आया, तो स्टाफ को संदेह हुआ. बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो होटल प्रबंधन ने मास्टर चाबी का उपयोग कर दरवाजा खोला. अंदर का दृश्य देखकर कर्मचारी सहम गए; युवती का शव फर्श पर पड़ा था और गला किसी तेजधार हथियार से रेता गया था.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस देर रात तक होटल के सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर खंगालती रही. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है और युवती की पहचान के आधार पर परिजनों को सूचित किया जा रहा है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


