संजय वाणी, आलीराजपुर। आलीराजपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां मामूली बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने ही पिता पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। यह पूरा मामला जोबट थाना क्षेत्र के ग्राम कंदा के (मसानिया फलिया) का है।
मृतक की पहचान राईसिंग मसानिया (60) के रूप में हुई है। वहीं हत्या के आरोपी बेटे वेस्ता मसानिया (38) को जोबट पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही जोबट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और पंचनामा कार्रवाई पूरी की।
ये भी पढ़ें: प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहा था पति, प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की हत्या, नाले के पास गड्ढा खोदकर दफनाई लाश
इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जोबट भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वही घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर मामले के हर पहलू की पड़ताल में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

