चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए हैं। आप के पंजाब महासचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज सिंह पन्नू ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह, आम आदमी पार्टी को तोड़ने की गहरी साजिश रच रहे हैं।
पन्नू ने आरोप लगाया कि इस साजिश के केंद्र में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा हैं, जिन्हें भाजपा एक टूल की तरह इस्तेमाल कर रही है। बलतेज सिंह पन्नू ने दावा किया कि अमित शाह ने राघव चड्ढा को यह जिम्मेदारी सौंपी है कि वे आम आदमी पार्टी के विधायकों और सांसदों को तोड़कर भाजपा में शामिल करें। पन्नू के अनुसार, इस पूरे मामले के पीछे का मकसद पार्टी की आवाज को दबाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि चड्ढा को यह ऑफर दिया गया है कि यदि वे आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों को साथ लेकर भाजपा में आ जाएं, तो उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी।
ED-CBI और जेल का डर
पन्नू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों की सरकारों को अस्थिर करने के लिए सरकारी एजेंसियों का उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी चुनाव आते हैं, वहां ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) के साथ-साथ अब चुनाव आयोग को भी एक मुख्य हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जैसे वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाकर उन्हें महीनों तक जेल में रखा गया, लेकिन उनके खिलाफ कुछ भी साबित नहीं हो सका.

पार्टी के मिशन के प्रति अडिग हैं नेता
आम आदमी पार्टी के नेता ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी के सांसद और विधायक किसी भी डर या लालच में आने वाले नहीं हैं, क्योंकि वे एक मिशन के तहत काम कर रहे हैं। उन्होंने राघव चड्ढा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी ने राघव चड्ढा को कम उम्र में ही राज्यसभा सांसद बनाकर इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी, लेकिन उन्होंने पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पंजाब के लोग ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करते हैं और राघव चड्ढा तथा अमित शाह को यह बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए कि पंजाब की जनता ऐसे लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
- ‘संसद ठप करके किसे फायदा पहुंचा रहे हो?’ मायावती के एक बयान से विपक्ष में मचा हड़कंप!
- Bastar News Update: बस्तर दशहरा की पहली रस्म पाट जात्रा हुई सम्पन्न, विस्फोटक सप्लाई केस में तीन दोषी करार, करकापाल में बढ़ती आबादी के बीच कचरा प्रबंधन की चुनौती, तीन पीढ़ियों से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने खुद शुरू किया निर्माण, 82 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार
- दिल्ली सरकार की नई पहल: छात्रों को मिलेगी 1000 रुपये मासिक सहायता
- Ranchi Pink Bus: महिलाओं के लिए बड़ी सौगात, शहर में उतरेंगी 6 नई पिंक बसें, अब कुल 10 होंगी
- राजघाट से हुसैनीवाला तक गूंजेगा शांति और भाईचारे का संदेश, सोनीपत पहुंची ‘आगाज़-ए-दोस्ती अमन यात्रा’


