मोगा. चुनाव के पहले अहम खबर सामने आई है, कई विभिन्न राजनीतिक पार्टियों का साथ छोड़ सैकड़ों परिवार आम आदमी पार्टी में शामिल हुए. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह बड़ी लोकप्रियता है कि लोग आप में शामिल हो रहे हैं. इससे समझ आता है कि पंजाब के लोगों को आम आदमी पार्टी और उसकी सरकार पर पूरा भरोसा है.

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशन में मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और मोगा नगर निगम की मेयर विनय पाल कौर ने पार्टी में शामिल हुए परिवारों को सिरोपा पहनाकर उनका स्वागत किया. उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी परिवारों को मान-सम्मान दिया जाएगा. उन्हें आप में कई संभावनाएं मिलेंगी.

मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों और पूरी की गई गारंटियों से प्रभावित होकर लोग लगातार आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 32 में पूर्व काउंसलर सरपंच कमालके, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश काला बजाज, और अन्य नेताओं के प्रयासों से सैकड़ों परिवार पार्टी में शामिल हुए हैं.

विधायक ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का परिवार लगातार बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर लोगों में बहुत विश्वास है. उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में लोग खुद आगे आकर पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं. पंजाब सरकार की ओर से बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क सुरक्षा, टोल प्लाजा बंद करवाने तथा गांवों में विकास कार्यों सहित कई क्षेत्रों में काम किए जा रहे हैं.

ग्रामीण इलाको में भी विकास की लहर

डॉ. अरोड़ा ने कहा कि मोगा विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि गांव सलीना में जिले की पहली सरकारी शूटिंग रेंज का निर्माण करवाया जा रहा है, जिसका काम निर्धारित समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि लोगों की स्थानीय समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

इस अवसर पर वार्ड नंबर 32 के पूर्व पार्षद बूटा सिंह ने कहा कि वार्ड से भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न पार्टियों से जुड़े परिवार आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं. पंजाब सरकार और विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के प्रयासों से वार्ड में सड़क, पानी, सीवरेज और अन्य विकास कार्य करवाए जा रहे हैं. बूटा सिंह ने मीडिया को बताया कि बुक्कणवाला रोड पर श्मशानघाट का काम, पानी के ट्यूबवेल और बोर लगाने के अलावा सीवरेज लाइन से जुड़े कार्य भी चल रहे हैं. एसडीपी से कैंब्रिज स्कूल तक सीवरेज लाइन डालने का काम जारी है. इसके अलावा बुक्कणवाला रोड से विश्वकर्मा चौक तक सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्य करवाए गए हैं. भगवंत मान सरकार की ओर से बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाने के लिए बसें भी भेजी जा रही हैं. वार्ड से पहले भी बसें रवाना की गई हैं और अब दो और बसें भेजने की तैयारी है. इन सुविधाओं से बुजुर्गों में खुशी का माहौल है. इस अवसर पर पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और आम आदमी पार्टी में शामिल हुए परिवारों के सदस्य मौजूद थे.