पंकज श्रीवास्तव, छपरा। भारतीय जनता पार्टी सारण पूर्वी द्वारा छपरा परिसदन भवन में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान की रूपरेखा साझा की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
बिहार में दो करोड़ पचास लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य
अभियान के तहत प्रधानमंत्री के राष्ट्रसेवा और 25 वर्षों के कार्यकाल के प्रति जनता का आभार व्यक्त करने के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका मूल संदेश “जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा” रखा गया है। बिहार राज्य में इस अभियान के माध्यम से कुल दो करोड़ पचास लाख नागरिकों तक पहुंचने का विशेष लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दीयों का वितरण जन-वितरण प्रणाली की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रमुख स्थानों और घरों में सामूहिक दीप प्रज्वलन
सत्रह सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शाम 7 बजे पूरे बिहार में एक साथ दीये जलाए जाएंगे। घर-घर दीप प्रज्वलन के अलावा प्रधानमंत्री के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के प्रत्यक्ष प्रभावों से जुड़े प्रमुख स्थानों जैसे प्रधानमंत्री आवास, अमृत सरोवर, सेतु, जन औषधि केंद्र, आयुष्मान अस्पताल, स्कूल, कॉलेज, मंदिर, घाट और पंचायत भवन आदि पर सामूहिक कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक जिले में दस प्रमुख स्थानों को चिन्हित कर विशेष आयोजन किए जाएंगे।
डिजिटल सहभागिता और जनभागीदारी पर जोर
यह आयोजन पूरी तरह से जनभागीदारी पर आधारित है, जिसमें जिला स्तर से लेकर मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे। हर बूथ से कम-से-कम एक सामूहिक दीप प्रज्वलन का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाएगा, जिसमें डिजिटल अभियान के तहत #AashirwadKaDiya हैशटैग का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाएगा। अंत में मंत्री राम कृपाल यादव ने समस्त बिहारवासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प के प्रति अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त करें। इस अवसर पर जिला महामंत्री विवेक कुमार सिंह, मुख्य प्रवक्ता प्रकाश रंजन नीकू, कार्यालय मंत्री अर्द्धेन्दु शेखर, सह कोषाध्यक्ष बलवंत सिंह और मंडल अध्यक्ष अनूप यादव समेत कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।



