टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस आशका गोराडिया (Aashka Goradia) इन दिनों अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर खूब चर्चा में हैं. एक समय टीवी की दुनिया में अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाली आशका अब एक सफल बिजनेसवुमन बन चुकी हैं. खास बात यह है कि 40 साल की उम्र में उन्होंने दूसरी बार मां बनने की खुशखबरी भी फैंस के साथ शेयर की है.

आशका गोराडिया (Aashka Goradia) और उनके पति ब्रेंट गोबेल के घर 1 मई 2026 को दूसरे बेटे का जन्म हुआ. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर अपने न्यूबॉर्न बेबी की पहली झलक साझा करते हुए बेटे का नाम “रिचर्ड थियोडोर गोबेल” बताया.

लिखा इमोशनल कैप्शन

तस्वीर शेयर करते हुए आशका गोराडिया (Aashka Goradia) ने बेहद इमोशनल कैप्शन लिखा कि भगवान की प्लानिंग पर उनका भरोसा अब और मजबूत हो गया है. उन्होंने यह भी कहा कि अब उनके बड़े बेटे विलियम अलेक्जेंडर को एक छोटा भाई मिल गया है और उनका परिवार पूरा हो गया है.

2023 में पहले बेटे का किया था स्वागत

बता दें कि आशका गोराडिया (Aashka Goradia) और ब्रेंट पहले से एक बेटे के माता-पिता हैं. अक्टूबर 2023 में उन्होंने अपने पहले बेटे विलियम अलेक्जेंडर का स्वागत किया था. आशका 37 साल की उम्र में पहली बार मां बनी थीं. दूसरी प्रेग्नेंसी के दौरान भी एक्ट्रेस अपनी फिटनेस को लेकर काफी एक्टिव रहीं. सोशल मीडिया पर उन्होंने कई योग वीडियो और तस्वीरें साझा की थीं, जिन्हें फैंस ने काफी पसंद किया.

टीवी से दूरी बनाने के बाद भी आशका लगातार सुर्खियों में बनी रहती हैं. वह अपने पति के साथ गोवा में रहती हैं और योग व फिटनेस से जुड़ी लाइफस्टाइल फॉलो करती हैं. दोनों की केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर अक्सर देखने को मिलती है.

ये है आशका की लवस्टोरी

आशका और ब्रेंट की लव स्टोरी भी काफी दिलचस्प रही है. दोनों ने 1 दिसंबर 2017 को क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी, जिसके बाद 3 दिसंबर को अहमदाबाद में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए थे.

बिजनेस वुमन के रूप में बनाई पहचान

हालांकि, आशका सिर्फ अपनी पर्सनल लाइफ नहीं बल्कि अपने बिजनेस को लेकर भी प्रेरणा बन चुकी हैं. टीवी करियर के पीक पर उन्होंने एक्टिंग छोड़कर बिजनेस की दुनिया में कदम रखा था. उन्होंने महज 50 लाख रुपये के निवेश से कॉस्मेटिक ब्रांड RENEE Cosmetics की शुरुआत की. आज यह ब्रांड भारत के तेजी से बढ़ते ब्यूटी ब्रांड्स में गिना जाता है और इसकी वैल्यूएशन 1200 से 1800 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है.

आशका गोराडिया (Aashka Goradia) ने यह साबित कर दिया है कि अगर मेहनत और विजन मजबूत हो तो इंसान एक्टिंग से बिजनेस तक हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकता है. अब दूसरी बार मां बनने के बाद फैंस उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं.