उत्तराखंड में ऋषिकेश और चंबा के बीच ताछिला-बेमर के पास ‘आश्रम 4’ की शूटिंग टीम को ले जा रही बस के ब्रेक फेल हो गए. चालक शाहिद अली ने बस को सड़क किनारे नाली में उतारकर सुरक्षित रोका, जिससे बस में सवार करीब 20 लोग बच गए.

टिहरी गढ़वाल. जिले में ऋषिकेश और चंबा के बीच ताछिला-बेमर के पास बॉबी देओल अभिनीत वेब सीरीज ‘आश्रम 4’ की शूटिंग टीम को लेकर जा रही एक टूरिस्ट बस के ब्रेक फेल हो गए. ढलान पर हुई इस घटना के दौरान बस में करीब 20 सदस्य सवार थे. चालक शाहिद अली की सतर्कता से बस को सुरक्षित रोक लिया गया और किसी को चोट नहीं आई.

चालक ने दिखाई सूझबूझ

जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के जयपुर की यह टूरिस्ट बस शूटिंग दल को लेकर जा रही थी. रास्ते में ढलान पर अचानक ब्रेक फेल होने से स्थिति गंभीर हो गई और बस में अफरा-तफरी मच गई.

ऐसे समय में चालक शाहिद अली ने बस को सड़क किनारे बनी नाली में उतार दिया और धीरे-धीरे रोक लिया. उनके इस फैसले से संभावित बड़ा हादसा टल गया.

सभी सदस्य सुरक्षित

बस रुकने के बाद उसमें सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घटना में किसी भी सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है. बाद में शूटिंग टीम के सदस्यों को अन्य गाड़ियों के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया.

इस घटना के बाद बस में सवार लोगों ने चालक शाहिद अली की सूझबूझ और धैर्य की सराहना की.

पहाड़ी सड़कों पर हादसों की चुनौती

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं. हादसों पर नियंत्रण के लिए परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से प्रवर्तन कार्रवाई की जाती है, जबकि निर्माण एजेंसियां सड़कों को दुरुस्त करने का काम कर रही हैं.

सड़क सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग भी प्रचार-प्रसार के माध्यम से जागरूकता फैलाता है. इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में अपेक्षित कमी नहीं आने की बात सामने आई है. पहाड़ी क्षेत्रों में मौजूद ब्लैक स्पॉट भी दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में गिने जाते हैं, जिन्हें सुधारने के लिए काम किया जा रहा है.