प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। इनेलो नेता अभय चौटाला ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने हुड्डा पर चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो उन्हें ‘वोट काटू’ कहते थे, वे खुद वोट बेचकर आए हैं। अभय ने अर्चना गुप्ता के बयानों पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्हें सार्वजनिक मंच पर बोलने की तमीज होनी चाहिए।

हुड्डा पर वोट बेचने का आरोप

अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि 9 वोटों में से 5 वोट भाजपा के पक्ष में डलवाए गए, जबकि 4 वोट रद्द करवाए गए। उन्होंने कहा कि पहले हुड्डा उन्हें ‘वोट काटू’ कहते थे, लेकिन अब स्थिति अलग है।

हालांकि, अभय चौटाला की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर हुड्डा की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अर्चना गुप्ता के बयान पर पलटवार

अर्चना गुप्ता के कथित जातिगत बयान को लेकर भी अभय चौटाला ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी जाति विशेष के बारे में टिप्पणी करते समय नेताओं को मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

अभय ने कहा कि संबंधित समाज देश का अन्नदाता है और देश को कई उपलब्धियां दिलाने में उसकी बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि उनकी जाति को लेकर टिप्पणी न की जाए।

‘पहले धनखड़, फिर कैप्टन अभिमन्यु के कुर्ते टंगवाए’

भाजपा पर निशाना साधते हुए अभय चौटाला ने ‘खूंटी पर कुर्ते टंगवाने’ वाले बयान पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले धनखड़ के कुर्ते टंगवाए, फिर कैप्टन अभिमन्यु के कुर्ते टंगवाए और अब पता नहीं किसके कुर्ते टंगवाएगी।

पत्रकार से पूछी जाति, ढांडा पर भी तंज

बयान के दौरान अभय चौटाला ने एक पत्रकार से उसकी जाति पूछ ली। उन्होंने महिपाल ढांडा को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि यह हैरानी की बात है कि उनके साथ खड़े व्यक्ति के सामने अर्चना गुप्ता जाति को लेकर बयान दे रही हैं।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘ढांडा खड़ा दांत फाड़ रहा है।’

‘जाट के घर पैदा हुई हैं तो खुद को जाट कहना चाहिए’

अर्चना गुप्ता के उस बयान पर भी अभय चौटाला ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें जाट समाज की बेटी का जिक्र किया गया था। उन्होंने कहा कि अगर कोई जाट समाज के घर पैदा हुआ है तो उसे खुद को जाट कहने में संकोच नहीं होना चाहिए।

अभय चौटाला ने कहा कि अगर कोई उनसे उनकी जाति पूछता है तो उन्हें इस बात पर गर्व है कि वह जाट परिवार में पैदा हुए हैं। उनके बयानों के बाद हरियाणा की राजनीति में जातिगत टिप्पणियों को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m