कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर बाढ़ नियंत्रण कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस वर्ष भी बाढ़ आपदा को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं, जबकि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है।
अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि हर साल फ्लड कंट्रोल बोर्ड की बैठकों में बाढ़ नियंत्रण के लिए करोड़ों रुपये मंजूर किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नजर नहीं आता। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ष फ्लड कंट्रोल बोर्ड की बैठक में 388 परियोजनाओं के लिए 640 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन अधिकांश कार्य अभी तक अधूरे हैं। उनके अनुसार, ड्रेनेज की सफाई, तटबंधों की मजबूती और जल निकासी की व्यवस्थाओं पर पर्याप्त काम नहीं हुआ है।
इनेलो नेता ने कहा कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान लोगों के घर, फसलें और पशुधन प्रभावित हुए थे, लेकिन सरकार राहत कार्यों की बजाय फोटोशूट में व्यस्त दिखाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के लिए जनता की परेशानी भी राजनीतिक प्रचार का माध्यम बन गई है।
अभय चौटाला ने मांग की कि कांग्रेस और भाजपा दोनों सरकारों के कार्यकाल में बाढ़ नियंत्रण के नाम पर खर्च किए गए हजारों करोड़ रुपये की जांच के लिए विधानसभा की विशेष समिति गठित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित मंत्रियों, अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए तथा सरकारी धन की वसूली की जानी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बारिश से पहले अधूरे ड्रेनेज, तटबंध और जल निकासी परियोजनाओं को पूरा नहीं किया गया तो संभावित बाढ़ से होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी पूरी तरह राज्य सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि जनता अब फोटोशूट और घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस काम और जवाबदेही चाहती है।
