दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) द्वारा आज (23 जुलाई) भी सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने के फैसले पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया और मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “मोदी पूरी दिल्ली बंद करने को तैयार हैं, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान को हटाने को नहीं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही।

DMRC ने 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक किए बंद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों के मद्देनज़र गुरुवार सुबह 7:30 बजे से राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों की एंट्री और एग्जिट सेवाएं अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। इस संबंध में DMRC ने सोशल मीडिया के माध्यम से यात्रियों को जानकारी दी। DMRC के अनुसार, राजीव चौक, सुप्रीम कोर्ट, मंडी हाउस, आईटीओ, लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सेवा तीर्थ, जनपथ, केंद्रीय सचिवालय, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।

देशभर से जंतर-मंतर पहुंचे छात्र, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की अपील पर देशभर से छात्र और युवा दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। इसी मांग को लेकर 20 जुलाई को संसद मार्च भी निकाला गया था। प्रदर्शन के दौरान हिंसा और पुलिस कार्रवाई के आरोपों के बाद से छात्र लगातार जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं। इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी। बाद में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान भी उनका अनशन जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m