Sirohi News: राजस्थान के सिरोही जिले में अवैध रूप से रह रही तीन बांग्लादेशी महिलाओं को पुलिस ने पकड़ा है। आबूरोड रीको थाना पुलिस ने चंद्रावती गांव स्थित एक मकान में दबिश देकर महिलाओं को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट और कथित तौर पर फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

करीब एक साल पहले भारत आने की जानकारी

पुलिस के अनुसार, तीनों महिलाएं करीब एक साल पहले भारत आई थीं। जांच में उनके बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई है। पूछताछ के बाद उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए वन स्टॉप सखी सेंटर, सिरोही लाया गया।

चंद्रावती गांव में पुलिस ने दी दबिश

जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के सुपरविजन में आबूरोड रीको थाना पुलिस ने चंद्रावती गांव के एक मकान में कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक मौके से ढाका जिले की रहने वाली सोनिया अख्तर, रजिया और फरीया खातुन को पकड़ा गया। दस्तावेजों की जांच में उनके पास बांग्लादेशी पासपोर्ट मिले।

फर्जी भारतीय दस्तावेज मिलने से बढ़ा शक

पुलिस के अनुसार महिलाओं के पास पहचान के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कई भारतीय दस्तावेज भी मिले, जिन्हें जांच में फर्जी पाया गया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी दस्तावेज किसने और कैसे तैयार कराए और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जिला विशेष शाखा और संबंधित एजेंसियों ने भी महिलाओं से पूछताछ की है।

बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू

पुलिस ने बताया कि तीनों महिलाओं को वापस बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई के लिए बीएसएफ पश्चिम बंगाल, गृह विभाग और इंटेलिजेंस ब्यूरो से समन्वय किया जा रहा है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्यावर्तन की कार्रवाई की जाएगी।

जिले में अब तक 7 बांग्लादेशी महिलाएं पकड़ी गईं

पुलिस के मुताबिक जिले में चलाए जा रहे अभियान के दौरान अब तक 7 बांग्लादेशी महिलाओं के अवैध रूप से रहने के मामले सामने आए हैं। इससे पहले 13 जुलाई को दो, 3 अगस्त को एक और 8 अगस्त को एक महिला पकड़ी गई थी। इन मामलों में भी निष्कासन की कार्रवाई जारी है।

संदिग्ध लोगों की सूचना देने की अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में रह रहा है और उसके विदेशी नागरिक होने का संदेह है, तो इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके लिए सिरोही पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9530431323 पर जानकारी देने की अपील की गई है।