झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े छात्रों ने गुरुवार को दिल्ली स्थित झारखंड भवन के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
झारखंड में पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन
ABVP का आरोप है कि झारखंड में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित तौर पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले इस्तेमाल किए गए। इसी कार्रवाई के विरोध में ABVP ने दिल्ली में झारखंड भवन के बाहर प्रदर्शन का आह्वान किया।
20वें दिन भी जारी है छात्रों का आंदोलन
झारखंड में JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के नेतृत्व में छात्र और अभ्यर्थी 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं। भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रहा यह आंदोलन अब 20वें दिन में प्रवेश कर चुका है।
इससे पहले मंगलवार शाम प्रदर्शनकारियों ने रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मौन जुलूस निकाला था। यह जुलूस भी छात्रों के आंदोलन का हिस्सा था।
क्या हैं छात्रों की प्रमुख मांगें?
प्रदर्शनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, JPSC और JSSC की कार्यप्रणाली में सुधार, कुछ परीक्षाओं को रद्द करना और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शामिल है। छात्र सीबीआई या राज्य के बाहर के हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की कमेटी से जांच कराने की मांग भी कर रहे हैं।
भूख हड़ताल पर छह प्रदर्शनकारी
मांगों को लेकर छह प्रदर्शनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनमें से दो की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार को JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के प्रतिनिधियों और झारखंड सरकार के बीच छठे दौर की वार्ता हुई थी, लेकिन बातचीत से कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मामले को सुलझाने में गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


