नई दिल्ली से जयनगर जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में समस्तीपुर रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेन के AC फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रहे एक युवक और एक युवती को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ट्रेन यात्रियों और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

​वीआईपी लुक की आड़ में चल रहा था तस्करी का खेल

​आरपीएफ की शुरुआती जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। खाकी वर्दीधारी महिला सिपाहियों के बीच काले लिबास में खड़ी युवती को पहली नजर में देखने पर कोई भी धोखा खा सकता था। उसकी भव्य वेशभूषा और AC फर्स्ट क्लास के सफर को देखकर ऐसा प्रतीत होता था कि वह कोई उच्च अधिकारी या फैशन मॉडल हो। हालांकि, जब सुरक्षा बलों ने उसके पीछे छिपी हकीकत को खंगाला, तो वह शराब तस्करी का एक बड़ा मामला निकला। पुलिस के अनुसार, तस्कर कानून की नजरों से बचने और चेकिंग से दूर रहने के लिए एसी कोचों का इस्तेमाल कर रहे थे।

​एसी कोच से बरामद हुए महंगे विदेशी ब्रांड्स

​समस्तीपुर आरपीएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के जरिए प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर ट्रेन के कोच संख्या एच-1 की सघन तलाशी ली गई। कोच की बर्थ संख्या-07 की जब जांच की गई, तो वहां से कई नामी और महंगे ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। जब्त की गई खेप में वीएटी 69, 100 पाइपर्स, टीचर्स और ब्लेंडर्स प्राइड जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं। आरपीएफ के मुताबिक, कुल 75 लीटर विदेशी शराब इन तस्करों के कब्जे से बरामद की गई है।

​गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और आगे की जांच

​आरपीएफ ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नेहा कुमारी (उम्र 25 वर्ष, पुत्री संजय कुमार झा, निवासी-बारी वार्ड नंबर 12, थाना-सिंघियाघाट, जिला-समस्तीपुर) और इशान कुमार (उम्र 31 वर्ष, पुत्र ललित वाली, निवासी-पुरुषोत्तम गार्डन, मकान नंबर 12, करनाल वार्ड नंबर 10, थाना-सदर, जिला-करनाल, हरियाणा) के रूप में हुई है। यह जोड़ा हरियाणा से इतनी महंगी शराब लेकर बिहार के रास्ते किन लोगों तक पहुंचाने जा रहा था, इस बात का पता लगाने के लिए पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीमें लगातार पूछताछ कर रही हैं। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।