हेमंत गुर्जर, बागली (देवास)। जिले के कांटाफोड़ में आयोजित कांग्रेस की तिरंगा यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्रा के दौरान नेताओं से भरी एक खुली जीप का अगला हिस्सा अचानक हवा में उठ गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और कई नेता व कार्यकर्ता सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में लोहारदा नगर परिषद की एक महिला पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनके सिर में चोट लगने के कारण 6 टांके आए हैं।

क्षमता से अधिक लोड बना हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार, जीप में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता सवार थे। बताया जा रहा है कि जीप पर क्षमता से अधिक लोग सवार हो गए थे। अत्यधिक वजन के कारण जैसे ही जीप आगे बढ़ी, उसका अगला हिस्सा अचानक ऊपर उठ गया और पीछे बैठे लोग संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े।

मौके पर मची अफरा-तफरी, वीडियो आया सामने

हादसे के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो पुरुष और एक महिला सड़क पर गिरते हुए नजर आ रहे हैं। हादसे में घायल हुई महिला पार्षद को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां उनके सिर पर 6 टांके लगाए गए। राहत की बात यह रही कि पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित अन्य किसी बड़े नेता को गंभीर चोट नहीं आई। इस घटना के बाद से तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों में की जा रही ओवरलोडिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m