आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को बस्तर पुलिस ने भिलाई से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को रायपुर मंत्रालय में अच्छी पहचान वाला बताकर एक युवक को फूड इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और उससे किस्तों में 1 लाख 91 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मंत्रालय में पहचान होने का दिया था भरोसा
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान लारेन्स एन्थोनी कुज के रूप में हुई है। उसने जगदलपुर निवासी विनोद पानीग्राही को रायपुर मंत्रालय में अपनी अच्छी पहचान होने का दावा किया और फूड इंस्पेक्टर के पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने विभिन्न किस्तों में फोनपे (PhonePe) के माध्यम से 1,91,500 रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए।

न नौकरी मिली, न लौटाए पैसे
राशि लेने के बाद भी आरोपी न तो नौकरी दिला सका और न ही पैसे वापस किए। काफी समय तक टालमटोल करने के बाद जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन भिलाई में ट्रेस की।
भिलाई से गिरफ्तार कर जगदलपुर लाई पुलिस
जांच के दौरान बस्तर पुलिस की टीम ने भिलाई पहुंचकर आरोपी लारेन्स एन्थोनी कुज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे जगदलपुर लेकर आई, जहां पूछताछ के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और बिना आधिकारिक प्रक्रिया के किसी को भी पैसे न दें। ऐसे मामलों में तत्काल पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज कराएं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


