जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने से दो लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पामगढ़ पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में एक आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है, जिसने उधार लिए 10 लाख रुपये वापस करने के दबाव से परेशान होकर शराब में सुहागा मिलाकर पिला दिया। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, दो की मौत
पुलिस के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर की रात ग्राम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास स्थित एक चखना दुकान के नजदीक की है। ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे और ग्राम नेवराबंद निवासी रामखिलावन जांगड़े की शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ गई थी। गंभीर हालत में दोनों को बिलासपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पामगढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

10 लाख रुपये की उधारी बना विवाद की वजह
मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे ने पुलिस को बताया कि राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने करीब चार महीने पहले उनके पिता से घरेलू जरूरतों के लिए 10 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि रकम लौटाने के लिए राजा ने 5.50 लाख और 6 लाख रुपये के दो चेक दिए थे, लेकिन बैंक में जमा करने पर दोनों चेक बाउंस हो गए। शिकायत के मुताबिक, 23 अक्टूबर को जोहित खरे ने फोन पर राजा से पैसे वापस करने के संबंध में पूछा था। इस पर राजा ने शाम को मिलने और रकम लौटाने की बात कही थी।
शराब में सुहागा मिलाकर पिलाने का आरोप
पुलिस ने जब राजा को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की, तो बताया कि उसने मुकेश कश्यप से इम्पीरियल ब्लू शराब के तीन क्वार्टर मंगवाए थे। इसके बाद राजा और मुकेश ने शराब पी। फिर राजा ने फोन कर जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े को कुटराबोड़ हेलीपैड के पास बुलाया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों के पहुंचने पर राजा ने मुकेश से छिपाकर अपने पास रखे सुहागा को शराब में मिलाया और वह क्वार्टर उन्हें पीने के लिए दिया। शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। वहीं पुलिस की गाड़ी देखकर मुकेश कश्यप वहां से भाग गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताई साजिश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान राजा खरे ने बताया कि ट्रेडिंग में नुकसान होने के कारण वह आर्थिक परेशानी में था और जोहित खरे लगातार उधारी की रकम वापस मांग रहा था। इसी दबाव से परेशान होकर उसने जोहित खरे को जहर देकर मारने की योजना बनाई थी।
घटनास्थल से सुहागा की पुड़िया जब्त
पुलिस का आरोप है कि इसी योजना के तहत उसने शराब में सुहागा मिलाया, जिसे जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े ने पी लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है।

आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच जारी
पामगढ़ पुलिस ने मनीषा खरे की लिखित शिकायत पर अपराध दर्ज कर आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में जब्त सामग्री और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

