कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती के बाद 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने किशोरी को प्यार के जाल में फंसाकर तीन बार होटल बुलाया और शारीरिक संबंध बनाए। होटल के रजिस्टर में पीड़िता की जगह दूसरी लड़की का नाम दर्ज कराने का भी आरोप है। जनकगंज पुलिस ने आरोपी विकल्प शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक, जून 2026 में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद दोनों की बातचीत फोन पर होने लगी। आरोप है कि 16 जुलाई को आरोपी किशोरी को नई सड़क स्थित होटल शारदा ले गया और उसकी पहचान छिपाने के लिए रजिस्टर में किसी दूसरी लड़की का नाम दर्ज कराया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में दो बार और होटल बुलाकर उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।
आखिरी घटना 28 जुलाई की बताई गई है। आरोपी के परिवार को जानकारी मिलने के बाद उसने कथित तौर पर किशोरी से संपर्क बंद कर दिया।इसके बाद पीड़िता ने अपनी मां को जानकारी दी और उनके साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब होटल के रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज सहित मामले से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है।वहीं आरोपी विकल्प शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म पॉक्सो एक्ट के तहत संगीन धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

