Bihar News: बिहार पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा बीजेपी विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर और सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार की तस्वीरों का इस्तेमाल कर उनसे छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान विकास यादव (35) के रूप में हुई है।

आरोपी ने स्वीकार की अपनी गलती

गिरफ्तार आरोपी विकास गयाजी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित शब्दों गांव का रहने वाला है। विकास पर आरोप है कि उसे एआई की मदद से निशांत और मैथिली की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, बाद में जो वायरल हो गया। मामला जब पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने उसे गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को कल शनिवार की शाम उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। इस संबंध में उसने माफी मांगते हुए एक वीडियो भी पोस्ट किया है।

सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी

फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि, आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री पोस्ट करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उसने बताया कि, उसने लाइक और फॉलोअर बढ़ाने की लालच में यह सब किया है।

डिजिटल तकनीक का दुरुपयोग अपराध

पुलिस ने साफ शब्दों में यह निर्देश दिया है कि, डिजिटल तकनीक और एआई का दुरुपयोग करना अपराध की श्रेणी में आता है। किसी भी व्यक्ति की फोटो या वीडियो को एडिट करना और उसे आपत्तिजनक बनाना या फिर सोशल मीडिया पर वायरल करना दंडनीय अपराध है। ऐसा करने पर उसे जेल हो सकती है।

आपत्तिजनक सामग्रियों से बचने की सलाह

साथ ही थानाध्यक्ष ने लोगों से सोशल मीडिया का प्रयोग जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह का आपत्तिजनक सामग्री, फोटो, वीडियो और संदेश को पोस्ट या शेयर करने से बचने की सलाह दी। वहीं, ऐसी आपत्तिजनक सामग्रियों के सामने आने पर इसकी सूचना पुलिस को देने की बात कही। पुलिस का कहना है कि तकनीक का सही उपयोग समाज के लिए लाभदायक है, लेकिन इसका दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें- बिहार राज्यसभा चुनाव: जदयू मंत्री श्रवण कुमार ने सभी 5 सीटों पर किया जीत का दावा, तेजस्वी के साथ मिलकर बड़ा खेला करने को तैयार ओवैसी!