हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। जिले के अछोला गांव स्थित सरकारी हाई स्कूल में 9वीं कक्षा की एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप स्कूल के व्याख्याता और प्रभारी प्राचार्य पर लगा है और उसने छात्रा के घर पहुंचकर मामले को दबाने की कोशिश की, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भी आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
कक्ष में बुलाकर की अश्लील हरकत
जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल में आधे दिन की छुट्टी के बाद कई छात्र-छात्राएं घर जा चुके थे। इसी दौरान प्रभारी प्राचार्य देवांगन ने छात्रा को अपने कक्ष में बुलाया। आरोप है कि वहां उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की गई। घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा रोते हुए घर पहुंची और मां को पूरी बात बताई।
मामले को दबाने पहुंचे प्रभारी प्राचार्य
घटना के कुछ देर बाद प्रभारी प्राचार्य छात्रा के घर पहुंचे और मामले को दबाने की कोशिश की। इस पर छात्रा की मां ने शिक्षक को थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर तुमगांव पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने किया अल्कोहल टेस्ट
पुलिस द्वारा शिक्षक का ब्रेथ एनालाइजर से अल्कोहल टेस्ट किए जाने की बात सामने आई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जांच के दौरान शिक्षक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। हालांकि इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष महत्वपूर्ण होंगे।
पहले भी दर्ज हो चुका है केस
मामले में यह भी आरोप सामने आया है कि जीवनलाल देवांगन के खिलाफ वर्ष 2015-16 में तुरेंगा स्कूल में पदस्थापना के दौरान छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के आरोप में अपराध दर्ज हुआ था। बताया गया कि तत्कालीन जिला पंचायत सीईओ ने उन्हें निलंबित किया था। बाद में न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उनकी बहाली हुई और उन्हें अछोला हाई स्कूल में पदस्थ किया गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल तुमगांव पुलिस ने छात्रा के परिजनों की शिकायत पर आरोपी प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। छात्रा के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

