हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में वंदे मातरम् को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। इस मामले में फौजिया शेख और कांग्रेस पार्षद रूबीना इकबाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने जाती, भाषा और जन्म स्थान के आधार पर शत्रुता फैलाने के आरोप में मामला कायम किया है।जानकारी के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 के तहत यह कार्रवाई एमजी रोड थाना पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और संबंधित पक्षों के बयान भी लिए जाएंगे।
दरअसल, वंदे मातरम् गान को लेकर रूबीना इकबाल का बयान सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। इस बयान को लेकर शहर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। मामला इतना बढ़ा कि कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेताओं और पार्षदों ने भी रूबीना से दूरी बना ली।वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने इस पूरे प्रकरण को शहीदों के सम्मान से जोड़ते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया था। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया था कि इस तरह के बयान देश और शहीदों के सम्मान के खिलाफ हैं, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच करते हुए मामला दर्ज किया और अब पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम ने शहर की राजनीति को भी गरमा दिया है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।

