मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। AAP ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। सौरभ भारद्वाज ने लोगों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। AAP समेत कई विपक्षी दल SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने समेत अन्य मुद्दों को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठा रहे हैं।

जंतर-मंतर रोड पर बैरिकेडिंग

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर जंतर-मंतर रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही जंतर-मंतर पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रतिबंध लागू किए हैं। AAP और अन्य विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज हिरासत में, बोले- विरोध करना हमारा अधिकार

चुनाव आयोग के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और पार्टी के कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। AAP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है। हिरासत में लिए जाने से पहले सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वह बिना कार के जंतर-मंतर पहुंचे हैं और लोगों से भी प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोपहर तक बड़ी संख्या में Gen-Z, महिलाएं और युवा चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जंतर-मंतर पहुंचेंगे।

‘विरोध करना हमारा अधिकार‘

सौरभ भारद्वाज ने कहा, “विरोध करना हमारा अधिकार है।” उन्होंने दावा किया कि पुलिस की ओर से उन्हें बताया गया है कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। भारद्वाज के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने करीब छह दिन पहले जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए आधिकारिक अनुमति मांगी थी।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं, BNSS की धारा 163 लागू

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज किसी भी तरह के धरना, विरोध-प्रदर्शन या मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है, ऐसे में बिना अनुमति किसी भी तरह के प्रदर्शन की इजाजत नहीं होगी। डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति धरना, विरोध-प्रदर्शन या मार्च करने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती और निगरानी बढ़ाई गई है।

जंतर-मंतर से पटेल चौक तक सुरक्षा कड़ी, दंगा नियंत्रण वाहन तैनात

जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर से लेकर पटेल चौक तक पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जंतर-मंतर से पटेल चौक के बीच दंगा नियंत्रण वाहनों को भी तैनात किया गया है। पुलिस ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m