हिसार। आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनता दरबार में विधायक चंद्रप्रकाश ने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। आदमपुर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस और बालसमंद की वेदप्रकाश धर्मशाला में आयोजित जनता दरबार में लोगों ने मुख्य रूप से पेयजल, सिंचाई के पानी और बिजली की पर्याप्त उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि उन्हें पीने के पानी के साथ-साथ खेतों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा बिजली की नियमित आपूर्ति नहीं होने से भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक चंद्रप्रकाश ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई का पानी टेल तक पहुंचाने, पर्याप्त पेयजल और बिजली उपलब्ध कराने की मांग वे पहले भी विधानसभा में उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगस्त में होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र में इन मुद्दों को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके साथ ही आदमपुर क्षेत्र की सड़कों के जल्द निर्माण की मांग भी विधानसभा में रखी जाएगी।
बालसमंद गोशाला में विधायक का सम्मान
इससे पहले बालसमंद गांव स्थित महर्षि दयानंद गोशाला में विधायक चंद्रप्रकाश का सम्मान किया गया। गोशाला प्रबंधन की ओर से उन्हें पगड़ी पहनाई गई और शॉल व बुके भेंट किया गया।
विधायक ने गोशाला का अवलोकन किया और गायों को चारा खिलाकर गोसेवा की। उन्होंने लोगों से गोवंश की समुचित देखभाल करने और अपनी क्षमता के अनुसार गोसेवा करने का आह्वान किया।
चंद्रप्रकाश ने कहा कि गायों का भारतीय संस्कृति और जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। लोगों की श्रद्धा के कारण गाय को गोमाता का दर्जा दिया गया है। उन्होंने गोशाला प्रबंधन के कार्यों की भी सराहना की।
सरकार पर साधा निशाना
जनता दरबार के दौरान विधायक चंद्रप्रकाश ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था समेत कई मोर्चों पर विफल रही है।
उन्होंने कहा कि एक ओर लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा, वहीं दूसरी ओर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है। सरकार को महंगाई पर नियंत्रण करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।
चंद्रप्रकाश ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और लोगों में असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने हाल में चरखी दादरी में हुए गोलीकांड का उदाहरण देते हुए सरकार से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला
विधायक ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत और बेहतर शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है।
उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पंचकूला सेक्टर-5 में एचपीएससी कार्यालय के पास अनशन कर रहे पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के खिलाफ हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
चंद्रप्रकाश ने कहा कि सरकार का दायित्व बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा के संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बजाय अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों और अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
विधायक ने कहा कि वह आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को विधानसभा से लेकर संबंधित विभागों तक लगातार उठाते रहेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


