हेमंत शर्मा, इंदौर। बाईपास स्थित Adam’s Ale रेस्टोरेंट में खाद्य विभाग की जांच में ऐसी लापरवाहियां सामने आईं, जिसने रेस्टोरेंट की साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। CM हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान 10 से ज्यादा एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थ मिले। वहीं पिस्ता, मिर्च पाउडर और सौंफ में कीड़े भी पाए गए। मामला गंभीर मिलने के बाद खाद्य विभाग ने रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

स्टोर रूम में रखा था एक्सपायर सामान

जांच के दौरान टीम को स्टोर रूम में 10 से ज्यादा ऐसे खाद्य पदार्थ मिले, जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। खाद्य विभाग को आशंका थी कि इन सामानों का इस्तेमाल खाने में किया जा सकता है। इसी वजह से सभी एक्सपायर खाद्य पदार्थों को रेस्टोरेंट संचालक के सामने ही मौके पर नष्ट कराया गया, ताकि इन्हें दोबारा ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाने में इस्तेमाल न किया जा सके।

पिस्ता, मिर्च और सौंफ में मिले कीड़े

जांच के दौरान रेस्टोरेंट में रखे पिस्ता, मिर्च पाउडर और सौंफ में कीड़े मिले। इससे खाद्य सामग्री को रखने और उसकी देखभाल के तरीके पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राहक रेस्टोरेंट में खाना इसलिए खाता है क्योंकि उसे उम्मीद होती है कि खाना साफ-सुथरा और सुरक्षित होगा। लेकिन जांच में सामने आई कमियां इस भरोसे पर सवाल खड़े करती हैं।

वेज और नॉनवेज एक ही फ्रीजर में

जांच में यह भी सामने आया कि रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज खाने का सामान एक ही डीप फ्रीजर में रखा जा रहा था। इसके अलावा खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच की रिपोर्ट भी रेस्टोरेंट के पास नहीं मिली। खाना बनाने और परोसने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं थे।

6 चीजों के सैंपल लिए गए

खाद्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट से पनीर, दही, मिर्च पाउडर, सौंफ, पिस्ता और स्वच राजमा चित्रा के कुल 6 सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि ये खाद्य पदार्थ तय मानकों के मुताबिक हैं या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी दो मामलों में लग चुका है जुर्माना

खाद्य विभाग के मुताबिक Adam’s Ale के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज होकर न्याय निर्णायक अधिकारी के सामने पहुंच चुके हैं। दोनों मामलों में रेस्टोरेंट पर जुर्माना लगाया गया था।हालांकि इन दोनों मामलों में रेस्टोरेंट की ओर से अपील की गई है और मामले फिलहाल अपीलीय ट्रिब्यूनल में लंबित हैं।

अब लाइसेंस ही निलंबित

इस बार जांच में कई गंभीर कमियां मिलने के बाद खाद्य विभाग ने सख्त कदम उठाया है। खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने और रेस्टोरेंट में गंदगी व अस्वच्छ स्थिति मिलने के कारण खाद्य लाइसेंस को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।खाद्य विभाग ने साफ किया है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले रेस्टोरेंट और खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m