Business Desk – Adani Ports Deal : अडानी ग्रुप की कंपनी Adani Ports and Special Economic Zone (APSEZ) ने अपने विझिंजम ट्रांसशिपमेंट पोर्ट में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के लिए स्विट्जरलैंड की शिपिंग कंपनी MSC Group की सहयोगी कंपनी Terminal Investment Limited (TiL) के साथ 1.397 बिलियन डॉलर (करीब 1.4 बिलियन डॉलर) की बड़ी डील की है. इस घोषणा के बाद मंगलवार को Adani Ports का शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर करीब 1,798 रुपए के स्तर पर कारोबार करता दिखा.

विझिंजम पोर्ट में खरीदेगी 49% हिस्सेदारी

अडानी पोर्ट्स ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि उसने Terminal Investment Limited (TiL) के साथ अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. TiL, दुनिया की प्रमुख शिपिंग कंपनी MSC Group का हिस्सा है और कंटेनर टर्मिनलों के संचालन व निवेश का काम करती है. इस समझौते के तहत TiL, Adani Vizhinjam Port Private Limited में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी, जो विझिंजम पोर्ट का संचालन करती है.

1.397 बिलियन डॉलर का होगा निवेश

कंपनी के अनुसार, TiL इस हिस्सेदारी के लिए 1.397 बिलियन डॉलर का निवेश करेगी. इस सौदे के आधार पर विझिंजम पोर्ट का कुल एंटरप्राइज वैल्यू लगभग 2.85 बिलियन डॉलर आंका गया है. हालांकि, यह डील सभी आवश्यक नियामकीय और अन्य मंजूरियां मिलने के बाद ही पूरी होगी.

अडानी पोर्ट्स के पास रहेगा कंट्रोल

49 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के बाद भी Adani Ports के पास कंपनी की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी. बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी अडानी पोर्ट्स का बहुमत रहेगा, जिससे कंपनी का संचालन और नियंत्रण उसके पास ही रहेगा. यानी विझिंजम पोर्ट आगे भी अडानी पोर्ट्स की सहायक कंपनी बना रहेगा.

दो चरणों में होगा निवेश

TiL यह निवेश दो चरणों में करेगी. पहले चरण में कंपनी 539 मिलियन डॉलर का भुगतान कर 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी. इसके बाद पोर्ट के विस्तार का काम दिसंबर 2028 तक पूरा होने पर शेष 858 मिलियन डॉलर का निवेश कर्ज और इक्विटी के मिश्रण के जरिए किया जाएगा.

CEO बोले- भारत की ग्लोबल कनेक्टिविटी होगी मजबूत

अडानी पोर्ट्स के होलटाइम डायरेक्टर और सीईओ अश्वनी गुप्ता ने कहा कि MSC के साथ लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को विझिंजम पोर्ट तक बढ़ाना कंपनी के लिए अहम कदम है. उनके मुताबिक, यह समझौता वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत करेगा, पोर्ट संचालन को अधिक कुशल बनाएगा और भारत की अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा.

भारत का पहला मेगा ट्रांसशिपमेंट पोर्ट

विझिंजम पोर्ट ने दिसंबर 2024 में परिचालन शुरू किया था. यह भारत का पहला डीप-ड्राफ्ट मेगा ट्रांसशिपमेंट पोर्ट है, जहां दुनिया के सबसे बड़े कंटेनर जहाजों का संचालन संभव है. वर्तमान में इसकी कंटेनर हैंडलिंग क्षमता 1.6 मिलियन TEU है. विस्तार परियोजना पूरी होने के बाद दिसंबर 2028 तक इसकी क्षमता बढ़कर 5.7 मिलियन TEU होने की उम्मीद है.