राकेश कथूरिया, कैथल। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।

पात्र युवाओं को मतदाता बनाना लोकतंत्र के लिए जरूरी
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं का मतदाता सूची में शामिल होना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।
फार्म नंबर 6 के साथ जरूरी दस्तावेज देने होंगे
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए फार्म नंबर-6 और घोषणा पत्र के साथ माता-पिता या दादा-दादी की वर्ष 2002 की मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी देनी होगी। इसके अलावा आयु और निवास का प्रमाण पत्र 30 अगस्त तक संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाना सुनिश्चित करना होगा।
प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे जागरूकता फ्लैक्स
एडीसी ने चुनाव विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के प्रमुख स्थानों पर फ्लैक्स और अन्य प्रचार सामग्री लगाई जाए। इसके जरिए नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी जाए।
25 अगस्त को शिक्षण संस्थानों में लगेंगे विशेष शिविर
उन्होंने कहा कि 25 अगस्त को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, मौके पर ही जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


