बराड़ा (अनिल शर्मा ). ग्राम अधोया (जिला अंबाला) की होनहार बेटी सावी गर्ग ने महज 21 वर्ष की आयु में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए हैदराबाद स्थित विश्व की अग्रणी बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेज़न में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सावी, हल्का मुलाना के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजपा बराड़ा मंडल के उपाध्यक्ष आशीष कुमार गर्ग की पुत्री हैं। सावी गर्ग ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, अपने स्वर्गीय दादा-दादी, गुरुजनों तथा ताऊ-चाचा सहित पूरे परिवार को दिया। उन्होंने अपने चचेरे बड़े भाई शुभम सिंगला को अपना मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं।
सावी ने अपनी दसवीं तक की शिक्षा बराड़ा स्थित शेमफोर्ड स्कूल से 91.4 प्रतिशत अंकों के साथ पूरी की। इसके बाद उन्होंने इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी महिला विश्वविद्यालय से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग शाखा में बीटेक की पढ़ाई 9.02 सीजीपीए के साथ डिस्टिंक्शन में पूरी की। बीटेक के अंतिम वर्ष के दौरान उन्हें अमेज़न में छह माह की इंटर्नशिप का अवसर मिला। इंटर्नशिप के दौरान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर कंपनी ने उन्हें प्री-प्लेसमेंट ऑफर देते हुए सीधे एसडीई के पद पर नियुक्ति प्रदान की।

बेटी की इस उपलब्धि पर पिता आशीष कुमार गर्ग ने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन के बल पर देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में स्थान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि यह समाज में बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक परिणाम है। सावी की इस सफलता से अधोया, बराड़ा और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षकों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
- स्क्रैप से भरा ट्रक छोड़ने के लिए 10 लाख मांगे, एक लाख लेते ETO को ACB ने दबोचा
- नालंदा खुला विश्वविद्यालय में NHRC की रेड, महिलाओं-ट्रांसजेंडर को 25% छूट पर मुहर, मानवाधिकार पढ़ाने की सलाह
- 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा किया दुष्कर्म; 5 आरोपी गिरफ्तार
- खबर का असर : ऑडिट टीम की खातिरदारी वाला आदेश 24 घंटे में निरस्त, CEO ने कहा – त्रुटिवश हुआ था जारी
- कैथल की छात्रा मानसी ने कबड्डी में लहराया परचम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक


