प्रदीप मालवीय, उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन के निवासी आदित्य देवड़ा ने सोशल मीडिया की मदद से अनोखी हेयरकट तकनीक सीखकर वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया है। 28 से 32 कैंचियों का इस्तेमाल कर उन्होंने न केवल इंडिया बुक, गोल्डन बुक, बल्कि लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया है।
आदित्य, एक साधारण परिवार से आते हैं, लेकिन उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उन्होंने एक दिन सोशल मीडिया पर एक चीनी हेयर स्टाइलिस्ट का वीडियो देखा, जिसमें एक साथ कई कैंचियों से हेयरकट किया जा रहा था। इस विचार ने आदित्य को प्रेरित किया और उन्होंने तय किया कि उन्हें कुछ नया और बेहतर करना है।
पिता के पारंपरिक सैलून में काम करते हुए आदित्य ने अपनी कला को निखारने का फैसला किया। उन्होंने लगातार पांच साल तक अभ्यास किया और कई असफलताओं का सामना किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी। उनके इस प्रयास ने उन्हें 2022 में 28 कैंचियों से हेयरकट करने का नया कीर्तिमान स्थापित करने में मदद की।
आदित्य ने 2024 में 30 और फिर 32 कैंचियों से हेयरकट कर अपने कौशल को और ऊंचाई दी। इसके अलावा, उन्होंने कज़ाखस्तान में एशियाई ग्लोबल चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया और 2025 में लंदन में आयोजित वर्ल्ड कप में भी भाग लिया।
आज, जहां पहले एक कैंची से हेयरकट में 15-20 मिनट लगते थे, वहीं आदित्य अब 32 कैंचियों से मात्र 4-5 मिनट में हेयरकट कर 450 रुपए तक का शुल्क लेते हैं। लोग गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और बिहार से विशेष रूप से उनके पास हेयरकट कराने के लिए पहुंच रहे है। आदित्य देवड़ा की कहानी यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से किसी भी क्षेत्र में सफलता पाई जा सकती है।

