कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-2026 री-एग्जाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह ने शहर के परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई।
दरअसल, 21 जून को ग्वालियर के 25 परीक्षा केंद्रों पर नीट-2026 री-एग्जाम आयोजित होना है। परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश और निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और बैठने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें: NEET धांधली के खिलाफ MP कांग्रेस का बड़ा शंखनाद: ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत, युवा मामलों की समिति गठित
कलेक्टर ने दिए ये निर्देश
साथ ही केंद्राध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी एनटीए के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त अमले की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच और समय पर प्रवेश की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वीडियो रिकॉर्डिंग
इस बार प्रश्न पत्रों के बॉक्स सरकारी वाहनों से कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। वाहनों में सीआरपीएफ, पुलिस बल, मुख्य पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रश्न पत्रों के परिवहन की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
ये भी पढ़ें: NEET Exam 2026: नीट परीक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट, भोपाल समेत 5 शहरों के स्टेशनों पर रहेगी विशेष व्यवस्था
परीक्षा केंद्र में क्या क्या ले जा सकते हैं ?
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, बैग और किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल, एडमिट कार्ड, निर्धारित पहचान पत्र और पासपोर्ट और पोस्टकार्ड साइज के फोटो ही साथ ले जा सकेंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग और बायोमैट्रिक उपस्थिति भी अनिवार्य होगी।

