अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में अवैध रेत के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जैतपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय रेत कारोबारियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर जमा करके रखी गई लाखों रुपये की अवैध रेत के भंडार पर प्रशासन ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आठ अलग-अलग स्थानों से कुल 310 ट्रॉली यानी लगभग 930 घन मीटर अवैध रेत जब्त की गई। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से रेत में मिट्टी मिलाकर उसे नष्ट कराया गया, ताकि उसका अवैध कारोबार में इस्तेमाल न हो सके। 

शहडोल  जिले की राजस्व,माइनिंग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने जैतपुर थाना क्षेत्र के लुकामपुर, खोड़री, डोंगरी टोला, गलहथा, गाडघाट, कोटरी और रसमोहनी सहित आठ अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की,इन स्थानों पर बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण किया गया था। कार्रवाई के दौरान लुकामपुर से 45 ट्रॉली, खोड़री से 35 ट्रॉली, डोंगरी टोला से 10 ट्रॉली, गलहथा से 50 ट्रॉली, गाडघाट से 50 ट्रॉली, कोटरी से 70 ट्रॉली और रसमोहनी से 50 ट्रॉली रेत बरामद की गई, इस तरह कुल 310 ट्रॉली रेत पर कार्रवाई की गई। 

बताया जा रहा है कि जैतपुर थाना क्षेत्र की कुनुक नदी और आसपास के इलाकों में सक्रिय रेत कारोबारियों द्वारा कथित तौर पर अवैध उत्खनन कर रेत का भंडारण किया जाता है। इसके बाद मांग के अनुसार रेत का परिवहन और बिक्री किए जाने की आशंका है। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट नहीं हो पाई है।  

राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई को अवैध रेत के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। लाखों रुपये मूल्य की रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट करने की कार्रवाई से अवैध भंडारण करने वालों को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। लेकिन बड़ा सवाल यह भी है कि जब नदियों से अवैध उत्खनन कर रेत का भंडारण किया जाता है, तो इस पूरे नेटवर्क पर स्थायी रोक क्यों नहीं लगता। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m