शब्बीर अहमद, भोपाल। RE-NEET UG 2026 परीक्षा के नाम पर देश भर के छात्रों और अभिभावकों को निशाना बनाने वाले साइबर ठगों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो गया है। इसे देखते हुए भोपाल क्राइम ब्रांच ने एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने छात्रों और उनके माता-पिता को सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी दावों से सावधान रहने की सख्त चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया और टेलीग्राम पर ठग सक्रिय
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, साइबर अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर बेहद सक्रिय हैं। ये ठग फर्जी वेबसाइट्स और संदेहास्पद लिंक्स के जरिए सीधे छात्रों और अभिभावकों से संपर्क साध रहे हैं।
ठगों द्वारा अपनाए जा रहे मुख्य हथकंडे
झूठे और लुभावने दावे: ठग ‘100% सिलेक्शन’, ‘लीक प्रश्न पत्र’ और ‘VIP रिजल्ट’ दिलाने जैसे बड़े-बड़े झूठे वादे कर रहे हैं।
फर्जी डाक्यूमेंट्स और APK फाइल्स: छात्रों को झांसे में लेने के लिए फर्जी पीडीएफ गेस पेपर और खतरनाक APK फाइल्स (ऐप्स) भेजी जा रही हैं, जिन्हें डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो सकता है।
अंतिम तारीख के नाम पर धोखाधड़ी: ‘Re-NEET Final Date’ के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर छात्रों की निजी और संवेदनशील जानकारी चुराई जा रही है।
सावधान रहें: इन सभी हथकंडों का एकमात्र मकसद छात्रों को डराकर या लालच देकर उनसे बैंक डिटेल्स, ओटीपी (OTP) और यूपीआई पिन (UPI PIN) हासिल करना है, ताकि उनका बैंक खाता खाली किया जा सके।
केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें भरोसा
भोपाल पुलिस ने अपील की है कि छात्र और अभिभावक किसी भी सोशल मीडिया ग्रुप या अनवेरिफाइड लिंक पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। RE-NEET परीक्षा से जुड़ी किसी भी आधिकारिक तारीख, नोटिफिकेशन या जानकारी के लिए केवल नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ऑफिशियल वेबसाइट और उनके द्वारा जारी नोटिस को ही सच मानें।
साइबर ठगी होने पर यहां करें शिकायत
यदि आप या आपके आस-पास कोई भी इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो तुरंत नीचे दिए गए माध्यमों पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन: 1930 पर तुरंत कॉल करें। भोपाल साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 9479990636 पर संपर्क करें। ऑनलाइन पोर्टल: राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।



