Sports Desk – Afghanistan Cricketer Shapoor Zadran in ICU : शापूर जादरान अफगानिस्तान के स्टार गेंदबाज रहे हैं. उनकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है. बताया गया है कि व्हाइट ब्लड सेल काउंट में भारी गिरावट के बाद उन्हें अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया है, जहां वे वेंटिलेटर पर हैं. फैंस उनके ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.

Afghanistan Cricketer Shapoor Zadran in ICU: भारत में इन दिनों आईपीएल के 19वें सीजन की धूम है, जिसमें अफगानिस्तान के कई स्टार खिलाड़ी खेल रहे हैं. अब तक 25 मैच हो चुके हैं. इस बीच अफगानिस्तान क्रिकेट से एक ऐसी खबर आई है, जिसने फैंस को मायूस कर दिया है. यह खबर अफगानिस्तान क्रिकेट को फर्श से अर्श तक ले जाने वाले जांबाज तेज गेंदबाज शापूर जादरान की सेहत से जुड़ी है. जादरान इस वक्त अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. पिछले साल ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाला यह खिलाड़ी आज अस्पताल के ICU बेड पर जिंदगी से जंग लड़ रहा है.

दाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान पिछले कुछ समय से काफी बीमार हैं. वह अफगानिस्तान क्रिकेट के उन मुट्ठी भर खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं, जिन्होंने देश में युद्ध, अस्थिरता और संसाधनों की कमी के बावजूद इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बनाई. साल 2009 में इंटरनेशनल डेब्यू किया और अफगानिस्तान के लिए करीब 80 मैच खेले. उनकी तेज गेंदबाजी और जज्बे ने कई यादगार जीतों में अहम भूमिका निभाई.

ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, शापूर जादरान हाल ही में हुई रीढ़ की हड्डी (Spine Surgery) के बाद गंभीर संक्रमण (Infection) का शिकार हो गए हैं. उनकी शारीरिक स्थिति इतनी नाजुक हो गई कि उन्हें तुरंत ICU में शिफ्ट करना पड़ा. यह पहली बार नहीं है जब उनकी सेहत ने चिंता बढ़ाई हो. इससे पहले जनवरी 2026 में भी उनकी इम्युनिटी काफी गिर गई थी और व्हाइट ब्लड सेल्स (WBC) की कमी के चलते वह लंबे समय तक अस्पताल में रहे थे. उनके भाई घमाई जादरान ने सोशल मीडिया के जरिए प्रशंसकों से दुआओं की अपील की है.

ताजा रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि एक बार फिर शापूर के व्हाइट ब्लड सेल्स की संख्या काफी कम हो गई है, जिससे उनकी इम्युनिटी कमजोर पड़ गई है. हालांकि, अभी तक उनकी बीमारी के सटीक कारण या इलाज की पूरी डिटेल्स सार्वजनिक नहीं की गई हैं.

क्रिकेट जगत में दुआओं का दौर शुरू

शापूर की बीमारी की खबर मिलते ही सरहद पार से भी दुआओं का दौर शुरू हो गया है. पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी समेत क्रिकेट जगत की कई हस्तियों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई है. अफरीदी ने उनके भाई से फोन पर बात की और जल्द ठीक होने की कामना की. वहीं, पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “जादरान भाई मेरे दोस्त जैसे हैं. मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. आमीन.”

शापूर जादरान का क्रिकेट करियर

शापूर जादरान के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान 44 वनडे और 36 टी20 मैच खेले. इस दौरान वनडे में 43 विकेट और टी20 में 37 विकेट हासिल किए. वह 2015 ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप का भी हिस्सा थे. 10 साल से ज्यादा के शानदार करियर के बाद उन्होंने 2025 में संन्यास लिया था, लेकिन किसे पता था कि एक साल के भीतर ही उन्हें इस तरह की जंग लड़नी पड़ेगी. अब इस स्टार क्रिकेटर के लिए पूरे विश्व से दुआएं की जा रही हैं, ताकि वह जल्द से जल्द रिकवर हों.