Automobile Desk. भारतीय और ग्लोबल ऑटोमोबाइल बाजार में ऑफ-रोडिंग का अनुभव बदलने वाली दिग्गज SUV Mitsubishi Pajero एक बार फिर सड़कों पर धूल उड़ाने के लिए तैयार है। करीब 5 साल पहले जब कंपनी ने इसके प्रोडक्शन पर ब्रेक लगाया था, तो दुनियाभर के कार लवर्स काफी निराश हुए थे।

अब Mercedes, Toyota और Ford जैसी दिग्गज कंपनियों की ऑफ-रोडर सेगमेंट में बढ़ती पकड़ के बीच Mitsubishi ने अपनी इस लीजेंडरी गाड़ी को बिल्कुल नई जनरेशन, आधुनिक डिजाइन और तगड़ी तकनीक के साथ वापस लाने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो कई देशों में इसे हमेशा की तरह ‘Montero’ बैज के साथ ही उतारा जा सकता है।

कंपनी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक पांचवीं जनरेशन (5th Generation) मित्सुबिशी पजेरो (Mitsubishi Pajero) 2 सितंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहली झलक दिखाएगी। साल 2021 में इसके बंद होने के बाद से ही लगातार ऑटो एक्सपर्ट्स इसकी वापसी के कयास लगा रहे थे। इस बार कंपनी का मुख्य फोकस पुराने दबदबे को आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ना है, ताकि नई पीढ़ी के ग्राहकों को भी यह पहली नजर में आकर्षित कर सके।

तकनीकी बनावट पर नजर डालें तो इस नई SUV की सबसे बड़ी ताकत इसका प्लैटफॉर्म होने वाला है। ऑटोमोबाइल मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि नई पजेरो को बॉडी-ऑन-फ्रेम (लैडर चेसिस) पर तैयार किया जा रहा है, जो मित्सुबिशी ( Mitsubishi )की मशहूर Triton पिकअप ट्रक से प्रेरित होगा।

हालांकि, कंपनी ने यह साफ कर दिया है कि यह महज पिकअप का SUV रूप नहीं होगी। इसके केबिन की बनावट, इंटीरियर लेआउट और सस्पेंशन सेटअप को खासतौर पर लग्जरी SUV के मानकों के हिसाब से री-डिजाइन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को खराब से खराब रास्तों पर भी बेहतरीन राइड क्वालिटी और प्रीमियम आराम मिल सके।

कठिन रास्तों पर बेहतर पकड़ और ड्राइविंग एक्सपीरियंस के लिए कंपनी इसमें अपना सिग्नेचर S-AWC (Super All-Wheel Control) ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम देने जा रही है। यह एडवांस्ड ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम गाड़ी को बर्फ, कीचड़, रेत और पत्थरों पर फिसलने से बचाएगा।

इसके अलावा, मौजूदा दौर की ईंधन दक्षता और सख्त उत्सर्जन नियमों को ध्यान में रखते हुए इसमें हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी देखा जा सकता है। शुरुआती चर्चाओं के अनुसार, कंपनी इसमें एक पावरफुल डीजल-हाइब्रिड इंजन (Diesel-hybrid engine)सेटअप की टेस्टिंग कर रही है, जो दमदार टॉर्क देने के साथ माइलेज में भी बेहतर होगा।

ग्लोबल मार्केट (Global market) में अपनी लॉन्चिंग के साथ ही नई पजेरो सीधे तौर पर इस सेगमेंट की राजसी गाड़ियों को चुनौती देगी। इसका मुख्य मुकाबला Toyota Fortuner, Ford Everest (Endeavour), Toyota Prado और Isuzu MU-X जैसी दमदार ऑफ-रोड SUVs से होने वाला है।

जहां तक भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार का सवाल है, भारत में पजेरो नाम का अपना एक अलग और इमोशनल फैन बेस रहा है। आज भी 90 के दशक और 2000 के शुरुआती दौर के कार शौकीन इसके पुराने मॉडल्स को याद करते हैं।

हालांकि, मित्सुबिशी ने अभी तक भारत में इसके आधिकारिक री-लॉन्च को लेकर कोई स्पष्ट बयान जारी नहीं किया है। भारतीय बाजार में कंपनी के मौजूदा नेटवर्क को देखते हुए इसकी तुरंत एंट्री पर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन 2 सितंबर को होने वाले ग्लोबल डेब्यू में इसके स्पेसिफिकेशन्स और वैश्विक उपलब्धता को लेकर पूरी स्थिति साफ हो जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m