हेमंत शर्मा, इंदौर। आईपीएल में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अब अकादमिक रिसर्च का विषय बनने जा रहे हैं। देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में शामिल आईआईएम इंदौर वैभव सूर्यवंशी के माइंडसेट, मानसिक दृढ़ता, मेंटरशिप और कम उम्र में मिली बड़ी सफलता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत अध्ययन करेगा। इस रिसर्च के जरिए यह समझने की कोशिश की जाएगी कि असाधारण प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और अनुकूल माहौल मिलने पर वह किस तरह नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती है।

सकारात्मक वातावरण भी महत्वपूर्ण भूमिका रही

आईआईएम इंदौर द्वारा किए जाने वाले इस मल्टी-डिसिप्लिनरी अध्ययन में खेल, मनोविज्ञान, नेतृत्व और प्रतिभा विकास से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। संस्थान का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी की सफलता केवल उनकी बल्लेबाजी प्रतिभा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे परिवार का सहयोग, कोचिंग, मेंटरशिप और सकारात्मक वातावरण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मानसिक तनाव जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का विश्लेषण

इस अध्ययन का मुख्य उद्देश्य यह समझना है कि कम उम्र में मिली बड़ी सफलता किसी खिलाड़ी की सोच, मानसिक विकास, निर्णय लेने की क्षमता और भविष्य की दिशा को किस प्रकार प्रभावित करती है। रिसर्च के दौरान सोशल मीडिया के दबाव, बढ़ती लोकप्रियता, लोगों की अपेक्षाओं और मानसिक तनाव जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का भी विश्लेषण किया जाएगा।

युवाओं के लिए बेहतर मॉडल

आईआईएम इंदौर का मानना है कि यह अध्ययन केवल खेल जगत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कॉरपोरेट सेक्टर के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है। इससे प्रतिभा प्रबंधन, नेतृत्व विकास और उच्च प्रदर्शन करने वाले युवाओं के लिए बेहतर मॉडल तैयार करने में मदद मिलेगी।

सफलता के बाद मानसिक दबाव और बर्नआउट का शिकार

आईआईएम इंदौर के डायरेक्टर हिमांशु राय के अनुसार यह अध्ययन मानव क्षमता, प्रतिभा विकास और मानसिक दृढ़ता को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उनका कहना है कि इतिहास में कई प्रतिभाशाली लोग शुरुआती सफलता के बाद मानसिक दबाव और बर्नआउट का शिकार हुए हैं, इसलिए यह समझना जरूरी है कि लंबी अवधि तक सफलता बनाए रखने के लिए भावनात्मक संतुलन और सही मार्गदर्शन कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिमांशु राय, डायरेक्टर, आईआईएम इंदौर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m