नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक जोरदार धमाके के बाद इमारत ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर इलाके में तेज धमाका हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा गैस सिलेंडर ब्लास्ट (cylinder blast) के कारण हुआ है। अब तक मलबे से 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि सुबह 9:37 बजे इमारत गिरने और लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकलकर्मी, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है और भारी मशीनों की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी स्थिति के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टरों द्वारा विस्तृत मेडिकल जांच के बाद ही उनकी हालत स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में यह हादसा हुआ, उसका उपयोग बर्तन चमकाने (पॉलिशिंग) के काम के लिए किया जाता था। हादसे के समय इमारत में कई लोगों के मौजूद होने की आशंका है, जिसके चलते बचाव दल ने व्यापक सर्च अभियान चलाया। दिल्ली अग्निशमन सेवा की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। पुलिस, दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन एजेंसियां संयुक्त रूप से मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

