कृष्ण कुमार सैनी,चंडीगढ़। हरियाणा को व्यापारिक हब बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पंजाब के अमृतसर स्थित मजीठ मंडी के व्यापारियों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मजीठ मंडी के सूखे मेवे के थोक व्यापार को सोनीपत में विस्तार देने के लिए स्वीकृति पत्र सौंपा, जिससे प्रदेश में ड्राई फ्रूट ट्रेड को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यापारियों का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार निवेश और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने साफ कहा कि अमृतसर से आए सभी व्यापारियों का हरियाणा में स्वागत है और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी, ताकि व्यापारिक गतिविधियों को और मजबूती मिल सके।

गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के बड़े व्यापारिक केंद्र खारी बावली और भगीरथ पैलेस के व्यापार को भी राई (सोनीपत) में विस्तार देने की मंजूरी दी जा चुकी है।

ऐसे में लगातार बड़े मार्केट्स का हरियाणा की ओर रुख करना यह संकेत दे रहा है कि आने वाले समय में सोनीपत एक बड़े ट्रेड हब के रूप में उभर सकता है।