शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा में हुए जहरीली शराबकांड को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। मीडिया से चर्चा करते हुए सिंघार ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शराब उत्तर प्रदेश से नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के धार जिले से आई थी और इस पूरे खेल में शासन-प्रशासन के बड़े अधिकारी शामिल हैं।

‘हिंदू खतरे में है, आरएसएस और वीएचपी अब चुप क्यों?

नेता प्रतिपक्ष ने भारतीय जनता पार्टी और हिंदू संगठनों पर निशाना साधते हुए कहा- हिंदुओं की मौतों पर सवाल: “पाकिस्तान के बाद अगर कहीं हिंदू सबसे ज्यादा खतरे में है, तो वह मध्य प्रदेश है। इंदौर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मुरैना और अब सागर में हिंदू मारे जा रहे हैं। सागर में सबसे ज्यादा मौतें लोधी समाज के लोगों की हुई हैं।” उन्होंने सवाल उठाया कि इस बड़े हादसे के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) और आरएसएस (RSS) का एक भी नेता पीड़ितों के बीच नहीं पहुंचा। उन्होंने प्रह्लाद पटेल और उमा भारती की खामोशी पर भी सवाल खड़े किए।

अधिकारियों और ब्रांड्स पर सीधे आरोप

उमंग सिंघार ने मामले में प्रशासनिक साठगांठ का दावा करते हुए कई बड़े नाम लिए। एसपी और आबकारी अफसरों पर निशाना: उन्होंने कहा कि जहां भी एसपी अनुराग सुजानिया की पदस्थापना होती है, वहां जहरीली शराबकांड हो जाता है। इसके अलावा उन्होंने आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और संजय दुबे की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि डिस्टिलरी में मिथेनॉल (Methanol) कैसे पहुंचा, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘रॉयल ब्रांड’ और ‘सागर गोल्ड’ नाम की शराब पीने से लोगों की जान गई है, लेकिन प्रशासनिक दबाव में महज कुछ ही घंटों के भीतर सागर गोल्ड को क्लीन चिट दे दी गई। पहले प्रतिबंध का आदेश निकाला गया और फिर उसे वापस ले लिया गया।

मुआवजे को बताया ऊंट के मुंह में जीरा, 25 लाख की मांग

सिंघार ने सरकार द्वारा घोषित 4 लाख रुपये के मुआवजे को नकाफी बताते हुए मांग की कि प्रत्येक मृतक के परिवार को कम से कम 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय कांग्रेस संगठन ने पहले भी अवैध शराब की शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सरकार सिर्फ मुसलमानों का डर दिखाकर हिंदुओं का वोट लेना चाहती है, जबकि असल में जनता की जान की कोई कीमत नहीं बची है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m