आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद अब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। केजरीवाल ने पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिश्रण (E20) की नीति का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर समाधान निकालने की मांग की है। इसी मुद्दे को लेकर अरविंद केजरीवाल ने शनिवार, 1 अगस्त को दिल्ली में एक टाउनहॉल कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में वह इथेनॉल मिश्रण से जुड़े सवालों और आम लोगों पर इसके संभावित प्रभावों को लेकर अपनी बात रखेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे “अहंकारी सरकार का जनता के सामने झुकना” बताया और इसके साथ ही पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिश्रण (E20) के मुद्दे को भी उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसका समाधान करने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा, “सभी को बहुत बधाई हो। देश के युवाओं ने एक अहंकारी सरकार को झुका दिया। धर्मेंद्र प्रधान जी को जनता के सामने इस्तीफा देना पड़ा। अब मेरी प्रधानमंत्री जी से विनती है कि लगे हाथों E20 का भी मामला सॉल्व कर दीजिए। लोग बहुत परेशान हैं। लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं, माइलेज खराब हो रही है। इसलिए प्रधानमंत्री जी से निवेदन है कि इससे पहले कि यह मुद्दा बड़ा बने, आप ही आगे बढ़कर इसका समाधान कर दीजिए।”
अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिश्रण (E20) के विरोध में 1 अगस्त को दिल्ली में ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ आयोजित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों, प्रभावित वाहन मालिकों और आम नागरिकों को एक मंच पर लाया जाएगा, ताकि इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा की जा सके। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने कहा, “इस दिशा में सभी को एक साथ लाने के लिए हम शनिवार को ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ आयोजित कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि इसमें हजारों लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा। दिल्ली और आसपास के शहरों के लोग सुबह 11:30 बजे तक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंच जाएं।” उन्होंने बताया कि दिल्ली से बाहर रहने वाले लोग भी इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ सकेंगे। केजरीवाल ने कहा कि इच्छुक लोग दिए गए व्हाट्सऐप नंबर पर संदेश भेजकर पंजीकरण करा सकते हैं और उन्हें कार्यक्रम से जुड़ने के लिए लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


