लवकुश बैरागी, आगर मालवा। सावन के अंतिम सोमवार पर आगर मालवा के नगराधिपति बाबा बैजनाथ महादेव अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए भव्य शाही भ्रमण पर निकले। सवारी को लेकर पूरे शहर में उत्साह और आस्था का माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर से लेकर सवारी के 5 किलोमीटर लंबे मार्ग को दुल्हन की तरह सजाया गया है।
चांदी की पालकी में विराजे बाबा; तोपों से हुई पुष्प वर्षा
बाबा बैजनाथ महादेव के स्वागत के लिए आगर शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा है:

विशेष पूजन व गार्ड ऑफ ऑनर: दोपहर 12:30 बजे मंदिर में विशेष पूजन-आरती के बाद बाबा को चांदी की पालकी में विराजित किया गया। पुलिस द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिए जाने के बाद मंदिर प्रांगण से शाही सवारी का शुभारंभ हुआ। जिला जेल के सामने भी बाबा बैजनाथ को सलामी दी जाएगी।

भूतों की बारात और अखाड़े बने आकर्षण: सवारी में तोपों से पुष्प वर्षा की जा रही है। भजन-कीर्तन, झंडा मंडलियां, बैंड-बाजे, मनमोहक झांकियां और अखाड़ों के सदस्यों के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
हरिहर मिलन और महाप्रसादी: शाम को छावनी नाका चौराहा से नगर में प्रवेश के बाद रात करीब 9 बजे गोपाल मंदिर में ‘हरिहर मिलन’ होगा। इसके बाद पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में बाबा का विशेष पूजन होगा, जहां 1.25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। पूजन के बाद सवारी पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी।
सुरक्षा के तगड़े इंतजाम: 450 से ज्यादा जवान तैनात
सवारी में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और एसपी दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा का जिम्मा एएसपी रवींद्र कुमार बोयत के नेतृत्व में सौंपा गया है। 450 से अधिक पुलिस जवान, 2 एडिशनल एसपी, 5 डीएसपी, 10 निरीक्षक, 21 एसआई और 80 कोटवार तैनात हैं, जो चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रख रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


