लवकुश बैरागी, आगर मालवा। विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में लाखों भक्तों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर समिति व जिम्मेदारों की व्यवस्था फेल होते हुए दिखाई दे रही है। मंदिर में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में भी आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द अव्यवस्थाओं को दूर किया जाए।

जिस मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार से लेकर अंबानी परिवार, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्रीय मंत्रियों से लेकर अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, नेता और अभिनेता जिस मंदिर में हवन, पूजन और दर्शन के लिए जाते हो वहां अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। कहने को तो मां बगलामुखी मंदिर में दर्शनार्थियों के लिए नाम मात्र की सुविधा उपलब्ध हैं।

गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर दूर-दूर से लाखों की संख्या में मंदिर के दर्शन, हवन और पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग स्थलों पर कीचड़ भरा हुआ है। ऐसे में कई दर्शनार्थियों के वाहन फंस गए, जिनको ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। इसी के साथ ही शौचालय की बात की जाए तो लाखों भक्तों के बीच शौचालय की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है।

ये कैसा निरीक्षण?

तीन दिन पूर्व गुप्त नवरात्रि के अवसर पर यहां उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव और एसपी दिलीप कुमार सोनी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया। जिसमें यहां की प्रस्तावित योजना पर दिशा निर्देश दिए, लेकिन ये कैसा निरीक्षण जिसमें दर्शनार्थियों को हो रही परेशानियां नहीं दिखी। यहां दर्शन, हवन, पूजन के लिए पहुंचे दर्शनार्थियों से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि इतना बड़ा स्थल है, लाखों की संख्या में भक्त यहां पहुंच रहे हैं, ऐसे में यहां हो रही अव्यवस्थाओं पर विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष और जिम्मेदारों को ध्यान देना चाहिए और व्यवस्था में सुधार होना चाहिए।

दर्शनार्थियों ने गिनाई कई समस्याएं

इस मामले पर कलेक्टर प्रीति यादव से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन नहीं हो सका। दर्शनार्थी व देवास के पूर्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष अशोक पटेल ने कहा कि यहां के विधायक निष्क्रिय है। मां बगलामुखी का मंदिर है, ऐसा कीचड़, गंदी हो रही है। विधायक-नगर पालिका अध्यक्ष को देखना चाहिए। बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है। दर्शनार्थी निधि थापा ने कहा कि बहुत खराब व्यवस्था है। काफी कीचड़ हैं और गाड़ी पार्क करने में परेशानियां हो रही है। मंदिर तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। कीचड़ भरा कच्ची सड़के हैं।

दर्शनार्थी राघव तिवारी ने कहा कि समस्याएं एक नहीं बहुत सारी है। यहां पार्किंग में कीचड़ भरा हुआ है। चोरी होती है, सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। सीसीटीवी कैमरे का पता नहीं है। दर्शनार्थी विश्वराज सिंह ठाकुर ने बताया कि पार्किंग व्यवस्था खराब है, बुजुर्ग फिसलकर गिर रहे है। शौचालय की व्यवस्था कमजोर है। मंदिर प्रशासन की व्यवस्था कमजोर है। प्रशासन को ध्यान देना चाहिए

साधक ने कही ये बात

मां बगलामुखी मंदिर नलखेड़ा में साधना के लिए पहुंचे साधक राजराजेश्वरी गिरी ने बताया कि हम यहां गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर करीब 10 से 12 दिनों से है और हमने देखा कि इस बार की व्यवस्था काफी खराब है। पार्किंग स्थलों पर कीचड़ है। पानी की उत्तम व्यवस्था नहीं है। शौचालय काफी दूर होने की बजह से बुजुर्ग व महिलाएं परेशान हो रही है। व्यवस्थाओं में सुधार होना चाहिए।

पार्किंग स्थल

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m