लवकुश बैरागी, आगर मालवा। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में आगर मालवा जिले में एक नया अध्याय जुड़ा है। जिला मुख्यालय स्थित सांदीपनि विद्यालय परिसर में आयोजित एक भव्य एवं गरिमामय समारोह में अनुसूचित जाति कल्याण एवं जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने 111.40 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित आगर, सुसनेर एवं नलखेड़ा के तीन अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया।
प्रदेश में 200 नए सांदीपनि स्कूल होंगे स्थापित
मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में प्रदेश भर में 200 नए सांदीपनि विद्यालय और स्थापित किए जाएंगे, जो भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का आधार स्तंभ बनेंगे।

रिमोट का बटन दबाकर किया लोकार्पण, स्मार्ट क्लासरूम का लिया जायजा
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात् प्रभारी मंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर आगर सांदीपनि विद्यालय का भौतिक रूप से और सुसनेर नलखेड़ा का ऑनलाइन इस तरह तीनों विद्यालय भवनों का औपचारिक लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने अतिथियों के साथ नवनिर्मित आगर विद्यालय भवन का फीता काटकर अवलोकन किया और स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाओं सहित विभिन्न कक्षों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

मेधावी छात्राओं और उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
आयोजन के दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा आकर्षित सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां दी जिसने वहां मौजूद अतिथियों का मन मोह लिया और आयोजन को और अधिक भव्यता प्रदान की।
समारोह के दौरान गत बोर्ड परीक्षाओं में जिले का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्राओं रचना, खुशी, संजना और रानी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

विधायक माधव सिंह गहलोत की बड़ी मांग और घोषणा
समारोह को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक माधव सिंह गहलोत ने क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाते हुए प्रभारी मंत्री से आगर में नवीन मेडिकल कॉलेज खोलने की स्वीकृति हेतु कैबिनेट में प्रस्ताव रखवाने का पुरजोर अनुरोध किया।
विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड परीक्षा में 99% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को वे स्वयं भोपाल ले जाकर मुख्यमंत्री जी से भेंट एवं चर्चा करवाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


