वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र और संदिग्ध गतिविधियां करने के शक में एक अघोरी की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर स्थित श्मशान घाट की है। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, युवक श्मशान घाट में मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और तंत्र-मंत्र करने के शक में उसे घेर लिया गया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। मामले में उमेश सिंह ठाकुर, राजा यादव और नितेश यादव की संलिप्तता सामने आई है।


कोनी पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

