उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली 5 अक्टूबर से शुरू होकर 12 अक्टूबर तक चलेगी. सेना ने दोनों राज्यों के जिलों के लिए तारीखवार कार्यक्रम जारी किया है.
लखनऊ/रुड़की. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली सोमवार, 5 अक्टूबर से रुड़की में शुरू होगी. मध्य कमान प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यह भर्ती रैली 12 अक्टूबर तक चलेगी. लखनऊ समेत दोनों राज्यों के अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों के लिए तारीख निर्धारित की गई है.
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह के अनुसार लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे. इसमें भर्ती रैली की दौड़ और शारीरिक परीक्षा होगी. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी की भर्ती भी इसी प्रक्रिया के तहत होगी.
दस्तावेजों की जांच
रैली स्थल पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा. उम्मीदवारों को सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन फोटोकॉपी लानी होगी.
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र और 20 पासपोर्ट आकार की रंगीन तस्वीरें साथ लानी होंगी. इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता, मूल निवास, जाति, स्कूल चरित्र, धर्म, चरित्र और अविवाहित होने से संबंधित प्रमाणपत्र भी जरूरी होंगे.
एनसीसी और खेलकूद से जुड़े प्रमाणपत्र होने पर उन्हें भी साथ लाना होगा. रैली स्थल पर शपथपत्र तैयार किए जाएंगे. ऑनलाइन सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखने के लिए कहा गया है.
जिलेवार भर्ती कार्यक्रम
5 अक्टूबर: उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, उधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ के अभ्यर्थी शामिल होंगे. उत्तर प्रदेश में बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली होगी.
6 अक्टूबर: अमेठी, अंबेडकरनगर, अयोध्या, बस्ती, कौशांबी, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और सुलतानपुर के अभ्यर्थी शामिल होंगे.
7 अक्टूबर: बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर जिलों की सभी तहसीलों के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली होगी.
8 अक्टूबर: गौतमबुद्धनगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर, शामली, आगरा, एटा, झांसी, कासगंज और जालौन के अभ्यर्थी शामिल होंगे.
9 अक्टूबर: ललितपुर, अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी और मथुरा जिलों के अभ्यर्थियों की रैली होगी.
10 अक्टूबर: लखनऊ के साथ औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, महोबा और उन्नाव के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली निर्धारित है.
11 अक्टूबर: उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के अभ्यर्थी शामिल होंगे. उत्तर प्रदेश में बलिया, गोरखपुर और भदोही के अभ्यर्थियों के लिए रैली होगी.
12 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, सोनभद्र, आजमगढ़ और चंदौली जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली होगी.

