आगरा में जनगणना कार्य में लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर 124 अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अंतिम प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने वाले कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है.
आगरा. जनगणना कार्य में लापरवाही और ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रहने वाले 124 अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं. इनमें 107 प्रगणक और 17 पर्यवेक्षक शामिल हैं. नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया.
राष्ट्रीय महत्व के जनगणना अभियान में कर्मचारियों की गैरहाजिरी और कामकाज में अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. इस कार्रवाई से जनगणना कार्य में तैनात कर्मचारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई
नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि लगातार अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 4, 5 और 11 के प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की जा रही है.
इस संबंध में आदेश पत्र जारी कर दिए गए हैं. संबंधित थाना क्षेत्रों में जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.
दिन-रात चलेगा अभियान
शिशिर कुमार ने निर्देश दिए हैं कि अनुपस्थित रहने और जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने वाले प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के खिलाफ दिन-रात अभियान चलाकर दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
प्रशासन ने शुक्रवार को होने वाले अंतिम प्रशिक्षण में सभी संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है. यदि कर्मचारी इस प्रशिक्षण में भी शामिल नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है.
कर्मचारियों को सख्त चेतावनी
प्रशासन ने जनगणना कार्य में तैनात सभी कर्मचारियों को अपने निर्धारित दायित्वों पर तत्काल लौटने की चेतावनी दी है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों की अनदेखी करने वालों को आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.

