आगरा में एक युवती ने जिम ट्रेनर सागर हरजाई पर पहली शादी छिपाकर कोर्ट मैरिज करने, सात लाख रुपये लेने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने जिम ट्रेनर और उसके परिवार के सात सदस्यों समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा में एक युवती ने जिम ट्रेनर सागर हरजाई पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, पहली शादी की जानकारी छिपाने और करीब सात लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर कमला नगर थाने में जिम ट्रेनर और उसके परिवार के सात सदस्यों सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

जिम में हुई थी मुलाकात

यमुना पार निवासी युवती के मुताबिक, मई 2022 में वह कमला नगर स्थित एक जिम में व्यायाम करने जाती थी. इसी दौरान उसकी पहचान दिल्ली के सुभाष नगर निवासी जिम ट्रेनर सागर हरजाई से हुई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई.

पीड़िता का आरोप है कि सागर ने उसे बताया था कि उसकी पहली पत्नी की वर्ष 2020 में मौत हो चुकी है. वर्ष 2024 में वह उसे कमला नगर स्थित अपने फ्लैट पर ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए.

कोर्ट मैरिज के बाद प्रताड़ना

शिकायत के अनुसार, 10 जुलाई 2025 को सागर के पिता ने युवती के परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रखने की बात कही थी. इसके बाद 5 फरवरी 2026 को दिल्ली में दोनों ने कोर्ट मैरिज की. 11 फरवरी को आगरा की एडीएम कोर्ट में विवाह का पंजीकरण कराया गया और 15 अप्रैल को दिल्ली में रिसेप्शन आयोजित हुआ.

युवती का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा. उस पर शराब पीने का दबाव भी बनाया गया. पीड़िता ने दावा किया कि सागर की पहली पत्नी से तलाक नहीं हुआ था और यह महत्वपूर्ण जानकारी उससे छिपाई गई थी.

सात लाख रुपये लेने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, शादी की तैयारियों के नाम पर उससे दो लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये ऑनलाइन लिए गए. सागर और उसके परिजनों को अलग-अलग मदों में कुल करीब सात लाख रुपये दिए गए थे.

शिकायत में यह भी बताया गया है कि परिवार की सहमति से जून महीने में एक होटल में सामाजिक रीति-रिवाज से शादी का कार्यक्रम आयोजित करने की योजना थी.

दूसरी महिला ने भेजे फोटो

इसी बीच कमला नगर की एक महिला ने पीड़िता को कुछ तस्वीरें और संदेश भेजे. उस महिला ने सागर के साथ मंदिर में शादी करने का दावा किया और युवती के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया.

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में सागर से जवाब मांगा तो 21 अप्रैल को उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद 8 अक्टूबर की रात भी गाली-गलौज और मारपीट हुई.

शिकायत के मुताबिक, अगले दिन यानी 9 अक्टूबर को सागर घर छोड़कर चला गया और अब दूसरी महिला के साथ रह रहा है. एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है.