आगरा. उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में आगरा जिले के तीन बूथ पर दोबारा मतदान हो सकता है. समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल की ओर से कथित अनियमितताओं की शिकायत के बाद अब आगरा जिले के खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद के एक एक मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की संस्तुति हुई है. शिकायत के आधार पर रिटर्निंग अधिकारी आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा है. जिस पर पुनर्मतदान पर अंतिम निर्णय निर्वाचन आयोग को लेना है. निर्वाचन आयोग की स्वीकृति के बाद इन तीनों बूथ पर पुनर्मतदान कराया जाएगा.

कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि ‘उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 खण्ड स्नातक क्षेत्र और 06 खण्ड शिक्षक क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर, 2026 को मतदान सकुशल सम्पन्न हो गया है. निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अफसरों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर मतदान प्रतिशत निम्न अनुसार है:

इसे भी पढ़ें : यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस 170 सीटों पर लड़ेगी या 172 पर? अखिलेश यादव बोले- सच्चाई हमारे पास भी है

खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र-

लखनऊ-39.83,
मेरठ-35.81,
आगरा-49.75,
वाराणसी-41.11
इलाहाबाद-झांसी -41.40

खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-

लखनऊ-52.19,
मेरठ-57.64,
आगरा-59.82,
वाराणसी-69.87,
बरेली-मुरादाबाद-73.69
गोरखपुर-फैजाबाद-79.32

आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से 03 मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान की संस्तुति की गई है, जिसे भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया गया है पुनर्मतदान के लिए संस्तुत तीन मतदेय स्थल निम्नांकित हैं:

  • मतदेय स्थल संख्या 20-तहसील कैम्पस खेरागढ कक्ष संख्या 1
  • मतदेय स्थल संख्या 21-क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया कक्ष संख्या 1
  • मतदेय स्थल संख्या 26-क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद कक्ष संख्या 1