मनेंद्र पटेल, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दुर्गा विसर्जन के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है। भिलाई के रुआबांदा इलाके में डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। इस दौरान एक युवक के गले पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, भिलाई के रुआबांदा इलाके में दुर्गा विसर्जन के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान आरोपी जय और उसके नाबालिग भाई ने सागर और गणपत के साथ मारपीट की। विवाद के दौरान जय ने महानंद के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महानंद गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले में एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि रुआबांदा में बीती रात एक आरोपी ने धारदार हथियार से एक युवक को घायल किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

