सुप्रिया पांडेय, रायपुर। छत्तीसगढ़ में कमजोर मानसून और बारिश की कमी से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी बीच कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा है कि मौसम की मौजूदा स्थिति किसानों के साथ-साथ सरकार के लिए भी चिंता का विषय है।
लल्लूराम डॉट कॉम से विशेष चर्चा में मंत्री नेताम ने कहा कि केंद्र सरकार इस स्थिति को लेकर गंभीर है और कम पानी में होने वाली फसलों की बुआई पर जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि किसानों को कम पानी में होने वाली धान की किस्मों के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे और दलहन फसलों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, विभाग के वैज्ञानिक लगातार किसानों के बीच पहुंचकर उन्हें मार्गदर्शन दे रहे हैं। साथ ही जल संरक्षण और वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रदेश में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है। किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बालोद, दुर्ग, रायपुर, बेमेतरा, बलरामपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जशपुर कवर्धा, कांकेर, कोरिया, कोरबा, महासमुंद, एमसीबी, सुकमा, रायगढ़, मुंगेली, जीपीएम में बिजली गिरने, तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

