राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को आरकेएसडी कॉलेज सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके समाधान के आदेश दिए। उन्होंने कुल 12 शिकायतों में से सात शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया। वहीं पांच शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रख लिया। बैठक के बाद कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।

शिकायतों के निपटान में लापरवाही न बरतें। अधिकारियों की जिम्मेदारी जनता के कार्यों को समय पर पूरा करना है। जो अधिकारी कार्य करने में रुचि नहीं दिखाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद मंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों को धान की सीधी बिजाई तकनीक को अपनाना चाहिए, क्योंकि यह किसानों के लिए काफी लाभकारी है। सीधी बिजाई से डीजल और पानी की खपत कम होगी। खाद का उपयोग भी घटेगा।

सरकार किसानों को सीधी बिजाई अपनाने के लिए 4500 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खाते में दी जाती है। डीजल और पैट्रोल की कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान भी किया।