Agriculture Startup Grant Haryana : हिसार। कृषि क्षेत्र में नए आइडिया रखने वाले किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स के लिए अच्छी खबर है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (हकृवि) के एग्री बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर (एबिक) ने कोहोर्ट-8 के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित स्टार्टअप्स को तकनीकी मार्गदर्शन के साथ आरकेवीवाई-रफ्तार योजना के अंतर्गत 25 लाख रुपये तक की अनुदान सहायता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
हकृवि के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने बताया कि एबिक केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने वाला केंद्र नहीं है, बल्कि नवाचारकर्ताओं को उनके आइडिया को सफल स्टार्टअप में बदलने के लिए हर स्तर पर मार्गदर्शन प्रदान करता है। चयनित प्रतिभागियों को एक माह का नि:शुल्क इनक्यूबेशन एवं उद्यमिता प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही बिजनेस मॉडल और डीपीआर तैयार करने, कंपनी एवं स्टार्टअप इंडिया पंजीकरण, पेटेंट और बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) संबंधी सहायता, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, निवेशकों से जोड़ने तथा प्रदर्शनियों में स्टॉल उपलब्ध कराने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
कोहोर्ट-8 के तहत स्मार्ट एवं प्रिसिजन कृषि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित खेती, ड्रोन तकनीक, सिंचाई एवं जल प्रबंधन, कृषि यंत्रीकरण, डेयरी, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक खेती, जलवायु अनुकूल कृषि, वेस्ट-टू-वेल्थ और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में नवाचार आमंत्रित किए गए हैं। हरियाणा के किसान, युवा उद्यमी, विद्यार्थी, शोधार्थी और स्टार्टअप्स आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए किसी विशेष आयु या शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गई है।
वर्ष 2019 में स्थापित एबिक अब तक 77 स्टार्टअप्स को करीब 10 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता दिला चुका है। इन स्टार्टअप्स ने पिछले छह वर्षों में 20 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है और 1,500 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। वहीं, एक लाख से अधिक किसान इन स्टार्टअप्स की विकसित तकनीकों का लाभ उठा रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक नवाचारकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


